यूपी पुलिस की मानवता,नवजात की बचाई जान

ग्रेटर नोएडाः पुलिस को लेकर आपके मन में बहुत सारी तस्वीरें होंगी लेकिन आज हम आपको एक पुलिस वाले की ऐसी तस्वीर दिखाने जा रहे हैं जिसे देखकर आपके चेहरे पर भी एक प्यारी सी मुस्कान बिखर जाएगी। मामला ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक नवजात बच्ची मिली। ठंड की वजह से बच्ची कांप रही थी ।जिसके बाद पुलिस वाले बच्ची को थाने लेकर आ गए। बच्ची की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। पुलिस को कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि करना क्या है। सभी को ये पता था कि बच्ची को ठंड लग चुकी है और वह भूख से भी रो रही है, लेकिन बच्ची बिल्कुल नवजात थी मतलब उसे कुछ भी बाहर का खिला पिला नहीं सकते थे। ऐसे में बच्ची को सिर्फ मां का दूध ही पिलाया जा सकता था, लेकिन बच्ची की मां या परिवार के बारे में अभी तक पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
तभी ये बात थाने के एसएचओ विनोद सिंह की पत्नी ज्योति सिंह को पता चली। एसएचओ विनोद सिंह ने पत्नी से बच्चे को दूध पिलाने के लिए कहा जिस पर उनकी पत्नी ज्योति तुरंत तैयार हो गईं और खुशी-खुशी बच्ची को दूध पिलाया। ज्योति बताती हैं कि बच्ची को बहुत बुरी तरह ठंड लग चुकी थी इसलिए बच्ची को गर्माहट देने के लिए मैंने बहुत देर तक उसे खुद से चिपका कर रखा। ज्योति सिंह की इन कोशिशों से बच्ची को थोड़ा आराम मिला और बच्ची थोड़ा ठीक भी हो गई। कुछ देर बाद बच्ची को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया जहां फिलहाल उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।