हरिद्वार : कोरोना संक्रमण का ख़तरा देश में फिर बढ़ गया है। इसी कड़ी में राज्यों में भी मामलों में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। आज प्रदेश में 346 नए संक्रमित मिले हैं जबकि तीन मरीजों की मौत हो गई है। कोरोना की संक्रमण दर भी बढ़कर 11 प्रतिशत से अधिक है। देहरादून में तेजी से कोरोना संक्रमण के मामले निकले हैं।
हरिद्वार जेल में कोरोना बम फूटा –
हरिद्वार की जिला जेल में कोरोना संक्रमण के 43 मामलें निकले हैं। जेल में 28 व 29 जुलाई को हेपेटाइटिस की जांच के लिए लगाए गए शिविर में कैदियों के कोरोना सैंपल लिए गए थे। जिसकी जांच रिपोर्ट आने पर पता लगा कि 43 कैदियों में संक्रमण है। जेल अधीक्षक मनोज आर्य का कहना है कि 43 कैदियों की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। लगभग 600 कैदियों के आरटी पीसीआर टेस्ट हुए जिनकी रिपोर्ट प्राप्त होने पर इनमें से 43 कैदियों को कोरोना निकला है।
उन्होंने ये भी कहा कि जो भी कैदी संक्रमित पाए गए हैं,उनका उपचार और सभी जरूरी सुविधाएं उन्हें दी जाएगी। हालांकि सभी कैदियों का आइसोलेशन पीरियड खत्म हो चुका है लेकिन फिर कुछ दिनों तक उन्हें स्वस्थ कैदियों से दूर ही रखा जाएगा।
राज्य में मामलें –
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बीते दिन मंगलवार को सामने आए 346 नए मामलों में 188 सिर्फ राजधानी के मामलें हैं। इसके अलावा, हरिद्वार के 53, नैनीताल के 40, उत्तरकाशी के 21, अल्मोड़ा के आठ, पौड़ी और टिहरी में सात-सात, ऊधमसिंह नगर में छह, बागेश्वर और चमोली में पांच-पांच, रुद्रप्रयाग के तीन, चंपावत के दो और पिथौरागढ़ का एक मामला शामिल है। जबकि तीन कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। इनमें एम्स ऋषिकेश, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल और एसटीजीएच हल्द्वानी का एक-एक मरीज शामिल है।

