मथुरा वृंदावन में 25 फरवरी से 7 मार्च तक होली के पर्व को देखते हुए ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने गाइडलाइन जारी कर इस अवधि में बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को साथ न लाने और ऐसे लोगों को न आने की अपील की है। मंदिर के अंदर और बाहर सेल्फी न लेने का भी अनुरोध किया गया है।
ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में हर दिन हजारों श्रद्धालु पहुँचते है, यह भक्त अपने आराध्य के दर्शन के लिए उत्सुकता से पहुँचते हैं। जिसे देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने होली पर्व पर मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए एडवाइजरी लागू की है जिसमें कहा गया है कि 25 फरवरी से सात मार्च तक मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों के आने की आशंका है। इसी वजह से बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोगों को बिहारी जी के दर्शन के लिए नहीं आए। श्रद्धालु मंदिर प्रबंधन और प्रशासन द्वारा बनाई गई रूट व्यवस्था का पालन करें। जूते-चप्पल जगह पर उतारकर आएं। मंदिर में जेब कतरों से सावधान रहने के लिए कहा गया है और साथ ही संदिग्ध या लावारिस वस्तु मिले तो इसकी जानकारी पुलिस को देने के लिए कहा है।
श्री बांके बिहारी मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा ने कहा है कि भीड़ के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए गाइडलाइन का पालन करने की अपील की गई है। बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग न आएं तो बेहतर होगा। मंदिर के अंदर रंग और गुलाल फेंकने पर भी पाबंदी रहेगी।

