विधानसभा चुनाव से पहले सपा को फिर झटका, विधायक सुभाष पासी ने थामा भाजपा का दामन

लखनऊ : यूपी में 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं, और अभी से ही नेताओं का पार्टी बदलने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के विधायक सुभाष पासी अपनी पत्नी सहित भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए है। सुभाष पासी ने अभी हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह और लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। जिसके बाद उन्होंने भाजपा का दामन थमा और उन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी की सदस्यता दिलायी।
बता दें कि सुभाष पासी गाजीपुर जिले की सैदपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। सुभाष पासी ने 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विद्यासागर सोनकर को भारी मतों से हराया था। इस सीट पर भाजपा से अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी।
सुभाष पासी मूल रूप से नगर पंचायत सैदपुर के मालवीय नगर के रहने वाले हैं. उनकी पत्नी का नाम रीना पासी है, जो जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं।सुभाष पासी ने सबसे पहले वर्ष 2012 में चुनाव लड़ा और विधायक बने। इनका मुख्य कारोबार मुंबई में है और परिवार के साथ ये वहीं रहते हैं. माना जा रहा है कि सुभाष पासी के अलावा ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य भी बीजेपी में शामिल होंगे। वहीं, समाजवादी पार्टी ने भी सुभाष पासी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है , पार्टी की ओर से सुभाष पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।