वृंदावन : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शुक्रवार की रात मथुरा में बड़ा हादसा हो गया है जिसके चलते बीती रात वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में भीड़ के दबाव के कारण दो श्रद्धालुओं की जान चली गई। यह हादसा मंगला आरती के दौरान हुआ। यह वर्ष में सिर्फ एक बार जन्माष्टमी के अवसर पर होती है। मंगला आरती के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में थी। इसी दौरान मंदिर के गेट नंबर एक और चार पर कई श्रद्धालु बेहोश होकर गिर गए, जिससे मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई। किसी तरह पुलिस ने श्रद्धालुओं को मंदिर से बाहर निकाला। भीड़ के दबाव के कारण दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि सात घायल हुए हैं।हादसे के वक्त मंदिर में डीएम, एसएसपी, नगर आयुक्त समेत कई अफसर मौजूद थे, फिर भी भीड़ नियंत्रण के सभी प्रबंध बेकार हो गए। एक लाख से अधिक श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे थे। मंदिर परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं थी।
हादसे में हुईं मौते –हादसे में नोएडा सेक्टर 99 निवासी महिला निर्मला देवी पत्नी देव प्रकाश और रुक्मिणी विहार कॉलोनी वृंदावन निवासी और मूल निवासी जबलपुर के राम प्रसाद विश्वकर्मा (65) की मौत हुई है। इनकी पत्नी भी घायल हुईं है।सीएम योगी ने जताया शोक –मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में दो श्रद्धालुओं की मृत्यु पर दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है।

