आज से शुरू हुए चैत्र नवरात्रि-2022 ,मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़

आज यानी 2 अप्रैल से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो गई है। नवरात्रि के प्रथम दिन माँ शैलपुत्री की पूजा की जाती है। नवरात्रि के नौ दिनों में माता के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। भक्त नवरात्रि के दिनों में मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए व्रत भी रखते हैं। कहा जाता है कि नवरात्रि के दिनों में मां दुर्गा की विधिवत पूजा करने से भक्तों की सभी मनोकामना पूरी होती है।देशभर में मंदिरों में आज सुबह से ही श्रद्धालुओँ की भीड़ उमड़ रही है।
नवरात्रि के प्रथम दिन मां दुर्गा के प्रथम रूप मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। हिमालय की पुत्री होने के कारण मां को शैलपुत्री नाम से जाना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार मां शैलपुत्री की पूजा करने से अच्छा स्वास्थ्य और मान- सम्मान मिलता है। मां शैलपुत्री की पूजा करने से सुयोग्य वर की प्राप्ति भी होती है। मां शैलपुत्री को सफेद वस्त्र अतिप्रिय होते हैं। इस दिन मां को सफेद वस्त्र और सफेद फूल अर्पित करें। माता के शैलपुत्री रूप को गाय के घी और दूध से बनी चीजों का भोग लगाया जाता है। माँ को दूध से बनी सफ़ेद बर्फ़ी अति प्रिय है।