महाराष्ट्र के रायगढ़ से पीएफआई के 4 कार्यकर्त्ता गिरफ़्तार

रायगढ़ : महाराष्ट्र एटीएस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। महाराष्ट्र एटीएस ने रायगढ़ के पनवेल से प्रतिबंधित ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया’ (पीएफआई) के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी गुरुवार अहले सुबह एक अधिकारी ने दी। अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि गिरफ्तार लोगों में प्रतिबंधित संगठन की राज्य विस्तार समिति का एक स्थानीय सदस्य, स्थानीय इकाई का एक सचिव और दो अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।
साथ ही अधिकारी ने बताया कि एटीएस को भारत सरकार द्वारा पीएफआई पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद पनवेल में संगठन के दो पदाधिकारियों और कुछ कार्यकर्ताओं की बैठक के बारे में गुप्त जानकारी मिली थी। जिसके बाद टीम ने इलाके की छानबीन की और मुंबई से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित पनवेल में छापेमारी कर पीएफआई के चार कार्यकर्ताओं को पकड़ लिया और गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने कहा कि चारों पीएफआई कार्यकर्ताओं से पूछताछ की गयी और बाद में चारों को कठोर गैरकानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम की धारा 10 के तहत मुंबई में एटीएस की कालाचौकी इकाई में दर्ज एक मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है और इसका और लिंक खोजने की कोशिश की जा रही है।