रामभक्तों और पत्रकारों की पिटाई पर चुप क्यों है ममता दीदी : अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली/हावड़ा : पश्चिम बंगाल के हावड़ा में गुरुवार को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान भड़की हिंसा अभी भी शांत होने का नाम नहीं ले रही है। दरअसल रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान दो समूह आपस में भिड़ गए थे जिसकी वजह से यहां पर स्थिति अनियंत्रित हो गई। इलाके में कई दंगाईयों ने जमकर तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं यहां पर तैनात पुलिस वाहनों समेत कई वाहनों को फूंक दिया गया, और पत्रकारों की भी पिटाई की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। इस पूरे मांमले पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
अनुराग ठाकुर ने पश्चिम बंगाल में भड़की हिंसा पर सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। अनुराग ममता की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पश्चिम बंगाल जल रहा है। उन्होंने कहा है कि राज्य में राम भक्तों पर पथराव हो रहा है और पत्रकारों को भी पीटा जा रहा है। ऐसे में ममता दीदी आखिर चुप क्यों हैं?
अनुराग ने ममता पर प्रेस की स्वतंत्रता को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि जहां पर प्रेस की स्वतंत्रता की बात की जाती थी वहां पर पत्रकारों की पिटाई हो रही है और राज्य सरकार मूक दर्शक बनी बैठी है। दंगाइयों को शह देने पर अनुराग ने ममता पर तंज कसते हुए कहा कि आखिर किसकी शह पर बंगाल को दंगाइयों के हवाले किया गया है।