मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में बीती रात हुए एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। जबकि छह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह सभी यात्री राजस्थान के झालावाड़ जिले के हैं, सभी लोग बागेश्वर धाम से वापस अपने घर झालावाड़ लौट रहे थे। इस दौरान उनका वाहन पीछे से ट्रक में घुस गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
राजस्थान के झालावाड़ जिले से 10 श्रद्धालु ईको कार में सवार होकर बागेश्वर धाम गए थे। करीब 11 दिन बाद शुक्रवार रात को यह सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे। इस दौरान विदिशा जिले के अंतर्गत आने वाले लटेरी में ब्यावरा से बीना नेशनल हाईवे 752बी पर सुबह 4 बजे के करीब क्रॉसिंग के दौरान उनका वाहन पीछे से ट्रक में जा घुसा। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और छह गंभीर रूप से घायल हो गए।