चम्पावत में बड़ा सड़क हादसा, शादी से लौट रहा वाहन खाई में गिरा 13 की मौत

चम्पावत : देवभूमि उत्तराखंड से एक बुरी ख़बर आ रही है ,मिली जानकारी के अनुसार यहां के चंपावत जिले में सड़क हादसा हुआ है। चंपावत जिले के डांडा क्षेत्र में कल रात शादी से वापिस लौट रहा एक वाहन खाई में गिर गया,और इस हादसे में 13 बरातियों की मौत हो गई। हादसे के बारें में कुमाऊं के डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने भी जानकारी दी है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम घटनास्‍थल पर पहुंची, पुलिस ने बताया कि अभी तक 13 शवों को खाई से बाहर निकाला जा चुका है। दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं जिन्‍हें इलाज़ के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जांच में जुटी पुलिस की टीम ने बताया कि टनकपुर-चम्पावत हाईवे से जुड़ी सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर वाहन दुर्घटना में 16 में से 13 लोगों की मौत हो गई।साथ ही यह भी बताया कि ककनई के रहने वाले लक्ष्मण सिंह के बेटे मनोज सिंह की शादी में शामिल होने के लिए ये लोग पहुंचे थे। ज्यादातर मृतक लक्ष्मण सिंह के रिश्‍तेदार हैं। इस सड़क हादसे में चालक घायल हो गया जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के रहने वाले बताये जा रहे हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन क्षमता से अधिक सवारी होने से दुर्घटना की आशंका व्‍यक्‍त की जा रही है. हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया है। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के चंपावत में हुई दुर्घटना हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों की मृत्यु हुई है, मैं उनके परिवार वालों के प्रति अपनी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं।