देहरादून : उत्तराखंड में निवेशक सम्मेलन के प्रस्तावों पर अभी तक प्रदेश में 35 हजार करोड़ से ज़्यादा निवेश की छह सौ परियोजनाओं को सफल बनाया गया है। जिनसे 89 हजार लोगों को रोजगार भी मिला। कोविड महामारी के बाद राज्य में कई बड़े निवेशकों ने पैसे से मदद की और निवेश करके उत्पादन को शुरू कराया। आज मंगलवार को प्रदेश के निवेश सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 67 उद्यमियों को सम्मान से नवाजेंगे। बीते दिन सोमवार को उद्योग निदेशालय में प्रेसवार्ता में उद्योग निदेशक सुधीर चंद्र नौटियाल ने निवेशक सम्मान समारोह की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 6 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में पहली बार निवेशक सम्मान समारोह आयोजित हुआ है। जिसमें 43 बड़े निवेशकों और 24 एमएसएमई उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।
निदेशक ने कहा कि इंवेस्टर्स समिट के बाद से राज्य में औद्योगिक निवेश का माहौल बना है। उत्तराखंड की आर्थिक विकास दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है। औद्योगिक विकास राज्य के विकास में योगदान देने वाला प्रमुख घटक है।

