लखनऊ : उत्तर प्रदेश में आज शुक्रवार को जुमे की नमाज के चलते शांति व्यवस्था को बनाए रखने को ध्यान में रखते हुए कोई गड़बड़ी करने वालों से सख्ती से निपटा जा सके इसके लिए सरकार के साफ़ निर्देश हैं। इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाईं गई है। प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस द्वारा फुट पेट्रोलिंग व अर्द्ध सैनिक बलों द्वारा फ्लैग मार्च किए जाने के भी आदेश दिए गए थे।आपको बतादें कि अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी और कार्यवाहक डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को जिलों के अफसरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर प्रदेश में अमन चैन बहाल रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया है कि किसी तरह की लापरवाही पाए जाने पर शासन स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें भी की गई हैं। सिविल डिफेंस के कर्मियों को भी शांति-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अवस्थी ने बताया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी, वीडियो कैमरे व ड्रोन से निगरानी की जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा सेक्टर योजना को भी लागू किया गया है। अपर मुख्य सचिव गृह ने बताया कि प्रदेश भर में कड़ी सतर्कता बरतने और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से कड़ाई से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।

