Tokyo Olympics 2021 शुक्रवार को होगा उद्घाटन समारोह, कोरोना के डर के बीच 20 भारतीय खिलाड़ी ही लेंगे भाग


कोविड-19 जुड़ी चिंताओं के कारण भारत के सात खेलों के 20 खिलाड़ी और छह अधिकारी ही शुक्रवार को यहां ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेंगे। पहले 44 खिलाड़ी के भाग लेने पर फैसला हुआ था।

कोरोना का भय
भारत के अधिकतर खिलाड़ियों ने इस समारोह से दूर रहने का फैसला किया है। निशानेबाजी, बैडमिंटन, तीरंदाजी और हॉकी जैसे खेलों के खिलाड़ी समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे क्योंकि भारतीय दल अपने खिलाड़ियों को वायरस के जोखिम से बचाना चाहता है। वैसे भी अधिकतर खिलाड़ियों को शनिवार से अपनी स्पर्धाओं में भाग लेना है।
हॉकी से केवल ध्वजवाहक और पुरुष टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह समारोह में भाग लेंगे।
जो 20 खिलाड़ी उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे उनमें मनिका बत्रा और अचंता शरत कमल सहित टेबल टेनिस के चार खिलाड़ी तथा नौकायन टीम के भी इतने ही खिलाड़ी शामिल हैं। तलवारबाज सी ए भवानी देवी, जिम्नास्ट प्रणति नायक और तैराक साजन प्रकाश के अलावा आठ मुक्केबाज भी उदघाटन समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। मुक्केबाज एम सी मैरीकॉम ध्वजवाहक हैं।

उनके अलावा सिमरनजीत कौर, लवलीना बोरगोहेन, पूजा रानी, अमित पंघाल, मनीष कौशिक, आशीष कुमार और सतीश कुमार समारोह का हिस्सा होंगे।
भारत के 125 से अधिक खिलाड़ी तोक्यो ओलंपिक में भाग ले रहे हैं और भारतीय दल में 228 सदस्य हैं जिनमें अधिकारी, कोच, सहयोगी स्टाफ और वैकल्पिक खिलाड़ी शामिल हैं।

मार्च पास्ट में भारत का नंबर 21वां
मार्च पास्ट जापानी वर्णमाला के अनुसार होगा और भारत का नंबर 21वां है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *