उत्तराखंड: प्रीतम को झटका गोदियाल बने कांग्रेस के अध्यक्ष, रावत चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख

पंजाब के साथ लगे हाथ कांग्रेस ने उत्तराखंड इकाई में भी भारी फेरबदल कर दिया। दोनों ही राज्यों में अगले साल चुनाव होने हैं। पंजाब में कांग्रेस के सामने सत्ता बचाने की चुनौती है, जबकि उत्तराखंड में सत्ता वापसी के चांस हैं, क्योंकि भाजपा अब तक दो सीएम यहां बदल चुकी है।

ऐसे में कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव काफी अहम हैं। इस बदलाव के तहत गणेश गोदियाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष बने हैं जबकि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख नियुक्त किया गया है।

गौरतलब है कि गोदियाल को हरीश रावत का करीबी माना जाता है। इसलिए माना जा रहा है कि उत्तराखंड में कांग्रस आलाकमान रावत को फुल फ्रीडम देना चाह रही है।

क्षेत्रीय एवं जातीय समीकरण का ख्याल
कांग्रेस ने इस बदलाव में क्षेत्रीय और जातीय समीकरण को भी साधने का पूरा प्रयास किया है। रावत और प्रीतम सिंह दोनों राजपूत समुदाय से आते हैं तो गोदियाल ब्राह्मण समाज से आते हैं।

पंजाब का फार्मूला उत्तराखंड में भी
पंजाब फार्मूला यहां भी लागू करते हुए कांग्रेस ने 55 वर्षीय गोदियाल को अध्यक्ष बनाया, लेकिन साथ ही जीत राम, भुवन कापड़ी, तिलक राज बेहड और रंजीत रावत को उत्तराखंड इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।

जबकि आर्येंद्र शर्मा को उत्तराखंड कांग्रेस का कोषाध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप टम्टा को चुनाव प्रचार समिति का उपाध्यक्ष और दिनेश अग्रवाल को इसका संयोजक बनाया गया है।
अब तक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे प्रीतम सिंह को विधायक दल का नेता बनाया गया है जो राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका भी निभाएंगे।

पिछले दिनों कांग्रेस की वरिष्ठ नेता इंदिरा हृदेश के निधन के कारण नेता प्रतिपक्ष का पद खाली हो गया था।
इसके अलावा उत्तराखंड प्रभारी देवेंद्र यादव की अगुवाई में कोर कमेटी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के नेतृत्व में समन्वय समिति, पूर्व मंत्री नवप्रभात की अगुवाई में घोषणापत्र समिति, प्रकाश जोशी की अध्यक्षता में चुनाव प्रबंधन समिति और सुमित हृदेश की अध्यक्षता में प्रचार समिति गठित की गई है।

इनके अलावा धीरेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कांग्रेस संपर्क समिति, विजय सारस्वत की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम समिति, गोदियाल की अगुवाई में प्रदेश चुनाव समिति और राजीव महर्षि की अध्यक्षता में मीडिया समिति बनाई गई है।

प्रवक्ता की सूची
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं प्रदीप टम्टा, काजी निजामुद्दीन, करण मेहरा, मनोज रावत, सूर्यकांत धस्माना, आरपी रतूड़ी और मथुरा दत्त जोशी को वरिष्ठ प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *