विस चुनाव के लिए सभी राजनेता जनता को वादों की लड़ी लगाने और लुभाने के लिए कोई मौका नहीं छोड़ रहे जिसके लिए अब अधिकतर जिलों में जाकर नेता जनता से मुख्ताईब होते नज़र आने लगें हैं। इसी कड़ी में जहाँ अभी योगी जनता के घर घर जाकर वोट अपील करते दिखे वहीँ आज शनिवार को उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ पहुंचे हैं। आज शनिवार को मुख्यमंत्री धामी यहां जनता के बीच पहुंचे और जनसंपर्क किया। उत्तरकाशी जिले की यमुनोत्री विधानसभा सीट पर चिन्यालीसौड़ शहर की समस्याएं मुख्य चुनावी मुद्दा है। चिन्यालीसौड़ का बीते पांच वर्षों में काफी विस्तार हुआ, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हैं। यहाँ की सबसे लम्बे समय से चली आ रही और गहन समस्या चिन्यालीसौड़ में फायर सर्विस की है।
नगर में वर्तमान में करीब पांच हजार मतदाता हैं। यमुनोत्री व गंगोत्री धाम का प्रमुख पड़ाव होने के कारण यहां सीजन में तीर्थयात्रियों व पर्यटकों की भी खूब भीड़ रहती है। शहर की सबसे बड़ी समस्या यह कि यहां फायर सर्विस नहीं है। आगजनी की घटना होने पर करीब एक घंटे बाद उत्तरकाशी से फायर का वाहन मौके पर पहुँच पाता है। इसके अलावा चिन्यालीसौड़ के सीएचसी को उप जिला चिकित्सालय को बनाने का प्रस्ताव लंबे समय से शासन में लटका हुआ है।
यहाँ से भाजपा विधायक केदार सिंह रावत ने वादा किया है कि यमुुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के तीनों महाविद्यालयों को पीजी कालेज का दर्जा दिलाना प्राथमिकता में रहेगा। चिन्यालीसौड़ अस्पताल को उप जिला चिकित्सालय कराया जाएगा। प्रयास रहेगा कि विधानसभा क्षेत्र में मेडिकल कालेज भी बनवाया जाएगा।

