किसान महापंचायत के सत्याग्रह की अर्ज़ी पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार

नई दिल्ली : किसान महापंचायत की अर्जी पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. सुप्रीम कोर्ट ने किसान नेताओं को फटकार लगाते हुए कहा कि आप सड़क, हाईवे, ट्रेन रोक रहे हैं , और सरकार की सम्पत्ति को नुक्सान पहुंचा रहे है, आपको प्रदर्शन की इजाजत कैसे दी जा सकती है ? सुप्रीम कोर्ट में अब इस मामले की सुनवाई सोमवार को होगी। बता दें कि किसानों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, जिस पर कोर्ट ने आज यह तल्ख़ रुख अपनाया है।
सुप्रीम कोर्ट ने कृषि कानूनों का विरोध कर रहे और यहां जंतर-मंतर पर ‘सत्याग्रह’ करने की अनुमति देने का अनुरोध कर रहे एक किसान संगठन से शुक्रवार को कहा कि आपने पूरे शहर को पंगु बना दिया है और अब आप शहर के अंदर आना चाहते हैं और यहां फिर से विरोध शुरू करना चाहते हैं।न्यायमूर्ति ए एम खानविलकर और न्यायमूर्ति सी टी रविकुमार की पीठ ने कृषकों के संगठन किसान नेताओं से कहा कि एक बार जब उन्होंने कृषि कानूनों के खिलाफ अदालत का रुख कर लिया था तो उन्हें न्यायिक व्यवस्था में भरोसा रखना चाहिए और मामले में फैसला आने देना चाहिए था । कोर्ट ने कहा कि नागरिकों को भी बिना किसी डर के स्वतंत्र रूप से घूमने का समान अधिकार है और विरोध में उनकी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है , न्यायिक व्यवस्था में विश्वास रखिए और मामले पर फैसला आने दीजिए।