प्रयागराज : अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रहे नरेंद्र गिरि की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई की जांच अब और तेज हो गई है। आज इस मामले में सीबीआई ने अल्लापुर निवासी एक बीजेपी नेता की पत्नी से पूछताछ की , भाजपा नेता की पत्नी को गोपनीय तरीके से पुलिस लाइन के एक गेस्ट हाउस में बुलाया गया और उनसे घंटों पूछताछ की। बता दें कि गिरफ्तारी के बाद आनंद गिरि को प्रयागराज के एसीजेएम कोर्ट में पेश किया गया था, उसके बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए आनंद गिरि ने कहा था कि आईजी केपी सिंह उनकी हत्या करा सकते हैं. जिसके बाद से ही बीजेपा नेता और उनकी पत्नी के साथ ही एक बड़े पुलिस अधिकारी की महंत नरेंद्र गिरि के साथ करीबी होने की सुगबुगाहट होने लगी थी।
जानकारी के मुताबिक सीबीआई ने भाजपा नेता और उनकी पत्नी को कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस लाइन बुलाकर पूछताछ किया, बताया जा रहा है कि महिला का मठ से करीबी संबंध था , पुलिस अधिकारी भी अधिकतर मठ आते जाते रहते थे, उनका भी नरेंद्र गिरि से करीबी संबंध था और 15 साल से यही जमे हैं. लेकिन पूछताछ के दौरान किसी ने भी खुलकर कुछ नहीं बताया। बता दें कि नरेंद्र गिरि और उनके शिष्य आनंद गिरि के बीच अल्लापुर की एक ज़मीन के सौदे को लेकर आपस में काफी तल्खी थी , जिसकी वजह से दोनों के रिश्तों में भी काफी दूरियां आ गयी थी।
महंत नरेंद्र गिरि की मौत के बाद मिले सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी मौत का जिम्मेदार आनंद गिरि, आद्या तिवारी और उसके बेटे संदीप तिवारी को बताया था।

