मुंबई : 21 जनवरी को मुंबई की सिविल कोर्ट में अभिनेता सलमान खान के पड़ोसी केतन कक्कड़ के खिलाफ दायर मानहानि के मुकदमे की सुनवाई होगी। अभिनेता सलमान खान का पनवेल में एक फार्महाउस है , और उनके फार्महाउस के पास में पनवेल की एक पहाड़ी पर केतन कक्कड़ एक भूखंड के मालिक हैं। सलमान के मुताबिक केतन ने एक इंटरव्यू दिया था जिसमे उन्हें बदनाम किया था। वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार, सलमान ने अपनी याचिका में कहा है कि कोर्ट को उन्हें एक अस्थायी आदेश द्वारा “प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लोड / अपलोड करने, पोस्ट करने, ट्वीट करने, या किसी भी प्रकार का इंटरव्यू देने से रोकना चाहिए।
आज मुंबई की सिविल कोर्ट में न्यायाधीश अनिल एच लद्दाद के सामने यह मुकदमा सुनवाई के लिए आया। सलमान की याचिका का प्रतिनिधित्व करने वाली फर्म डीएसके लीगल के वकीलों ने आदेश देने के लिए दबाव डाला। हालांकि, केतन का पक्ष रखने वाले वकील आभा सिंह और आदित्य प्रताप ने यह कहकर विरोध किया कि उन्हें कल शाम को ही कागजात मिल गए थे और वे अभी हम पूरे मुकदमे को ठीक से देख नहीं पाए हैं। उन्होंने यह भी कहा की अगर सलमान मुकदमा दायर करने के लिए एक महीने तक इंतजार कर सकते हैं, तो केतन को उनके जवाब के लिए कुछ समय दिया जाना चाहिए। न्यायाधीश लद्दाद ने केतन की ओर से जवाब दाख़िल करने के लिए समय देने का फ़ैसला लिया और मामले को अगली सुनवाई के लिए 21 जनवरी के लिए स्थगित कर दिया।

