मजबूत वैश्विक संकेतों के बाद भारतीय शेयर बाजार फिर नए रिकॉर्ड हाई पर है। इस दौरान सेंसेक्स पहली बार 71850 के पार पहुंच गया। निफ्टी भी पहली बार 21550 के पार पहुंचने में सफल हुआ। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी एफएमसीजी और आईटी सेक्टर के शेयरों में देखी गई। निफ्टी में टेक महिंद्रा और विप्रो टॉप गेनर के रूप में कारोबार करते दिखे। एमएंडएम और मारुति टॉप लूजर्स के रूप में कारोबार कर रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को सेंसेक्स 122 अंक चढ़कर 71,437 के स्तर पर बंद हुआ था। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज बुधवार को सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर 384 अंकों यानी 0.54% की तेजी के साथ 71,821 के स्तर पर कारोबार किया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 109 अंकों यानी 0.51% की तेजी के साथ 21,562 के लेवल पर कारोबार दिखा।
शेयर बाजार उछाला, सेंसेक्स 400 ऊपर, निफ्टी 21550

