घरेलू शेयर बाजार में आज गुरुवार को तेज बिकवाली देखी गई। इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी लगभग दो फीसदी से ज्यादा टूट गए। बाजार में यह गिरावट पश्चिम एशिया में तनाव के बाद निवेशकों की ओर से सतर्कता बरतने के कारण आया। घरेलू शेयर बाजार को आज गुरुवार का दिन रास नहीं आया। वायदा कारोबार की एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स और निफ्टी दो-दो फीसदी तक फिसल गए। दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर सेंसेक्स 1,811 अंक या 2.15% फिसलकर 82,455.08 पर कारोबार करता दिखा। निफ्टी भी 554 अंक या लगभग 2.15% टूटकर 25,242 पर पहुंच गया। बाजार में निवेशकों को करीब 11 लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। आखिरकार सेंसेक्स 1,769.19 (2.09%) फिसलकर 82,497.10 के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी में 546.81 अंकों की गिरावट के साथ 25,250.10 पर क्लोजिंग हुई। गुरुवार को कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी दिखी। तेल की कीमतों में बढ़ोतरी भारत जैसे कमोडिटी के आयातक देशों के लिए नकारात्मक है, क्योंकि देश के आयात बिल में कच्चे तेल का महत्वपूर्ण योगदान होता है।
सेंसेक्स 1800 अंक गिरा, निफ्टी 25250 से नीचे आया
