मौलाना अदनान रज़ा ने की अखिलेश यादव से मुलाक़ात,कई मुद्दों पर हुई चर्चा

बरेली : आज सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की आला हजरत खानदान के मौलाना अदनान रजा खां के साथ एक मुलाक़ात हुई , जिसके बाद बरेली की सियासत थोड़ा गरमा गई है। मौलाना और अखिलेश के बीच यह मुलाकात जीएमटी स्थित एक लाइब्रेरी में हुई। दोनों के बीच हुई इस मुलाक़ात में मौलाना अदनान रज़ा ने अखिलेश के समक्ष मुस्लिमों के मुद्दे और बरेली की 2 विधानसभा सीटों पर चर्चा की। बता दें कि दोनों के बीच यह मुलाक़ात कराने में मुलायम सिंह यादव के क़रीबी पूर्व राज्य सभा सांसद किरणमय नंदा का अहम रोल रहा।

किरणमय नंदा ने ही अखिलेश और मौलाना के बीच यह मुलाकात कराई , क्योंकि नंदा यह जानते हैं कि दोनों की इस समय मुलाक़ात से सपा को आगामी विधानसभा चुनाव में काफ़ी फायदा मिल सकता है। इस बैठक के बाद अखिलेश ने बरेली की नौ की नौ सीट जीतने का भरोसा दिलाया। और बोले, जल्द ही यहां के सभी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। और 1993 के बाद दोबारा 2022 में बरेली में सपा जीत का परचम लहराएगी। इस बैठक से पहले भी दरगाह के कुछ लोग अखिलेश यादव से मुलाकात करना चाहते थे ,लेकिन कुछ कारणवश यह मुलाकात नहीं हो पा रही थी। वहीं अब इस मुलाकात के बाद बरेली में कुछ बड़े राजनैतिक फैसले होने की उम्मीद जताई जा रही है।