आज़मगढ़ से नहीं मैनपुरी की करहल सीट से चुनाव लड़ेंगे अखिलेश यादव

लखनऊ :सपा सुप्रीमों और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव आजमगढ़ से नहीं बल्कि मैनपुरी की करहल सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। अखिलेश की सीट का ऐलान आज समाजवादी पार्टी की कोर कमेटी ने किया।बता दें कि इससे पहले अखिलेश यादव के आजमगढ़ और मुरादाबाद की संभल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं।


गौरतलब है कि सीएम योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद अखिलेश यादव ने भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। इसके बाद से चर्चा थी कि अखिलेश आज़मगढ़ सीट से चुनाव लड़ सकते हैं लेकिन आज इन अटकलों पर पूर्ण विराम लग गया और अखिलेश यादव अब मैनपुरी की करहल सीट से चुनाव लड़ेंगे इस बात पर मोहर लग गई। बता दें कि करहल विधानसभा सीट से इस समय समाजवादी पार्टी के ही सोबरन सिंह यादव मौज़ूदा विधायक हैं।जिन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के रमा शाक्य को 38 हज़ार से ज्यादा मतों से हराया था। मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से अखिलेश यादव के चुनाव लड़ने का प्रस्ताव जिला संगठन ने अखिलेश यादव को भेजा था। समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की और मांग की, कि वह करहल सीट से चुनाव लड़ें , प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव की कर्मभूमि भी मैनपुरी है , और नेता जीका यहां से काफ़ी लगाव भी है। वह पहली बार मैनपुरी लोकसभा सीट से ही जीतकर देश के रक्षा मंत्री बने थे।