गुजरात से अजीबोग़रीब मामला सामने आया है,जिसके चलते गुजरात के कई गांवों में कहा जा रहा है कि आसमान से रहस्यमयी गेंद गिरी है। अब तक पांच जिलों से ऐसे मामले निकलकर आए हैं, जिसमें गेंद या गेंद जैसे आकार वाला मलबा गिरा है। अंतरिक्ष से गिरी इन गेंदों को देखकर हर कोई हैरान है। अब भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला के वैज्ञानिक इन गेंदों की जांच करने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार, सबसे पहला मामला 12 मई को निकलकर आया। आनंद के भालेज, खंभोलज और रामपुरा गांव से जानकारी मिली कि आसमना से मलबा गिरा है। यह मलबा गेंद जैसे आकार का बताया जा रहा है। इसके बाद 14 मई को खेड़ा जिले के चकलासी गांव से भी धातु की गेंदों की तरह दिखने वाला मलबा गिरा। फिर वडोदरा से भी ऐसी ही सेम खबर निकलकर आई है। पुलिस ने बताया कि किसी भी जगह से इस तरह के मलबे से किसी को नुकसान नहीं हुआ है।
वडोदरा ग्रामीण के एसपी रोहन आनंद ने बताया कि आगे की जांच के लिए सभी गेंदों को फोरेसिंग विज्ञान निदेशालय को भेजा जाएगा, जिससे इसकी सच्चाई का पता चल सके। वहीं एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी गेंदें उच्च घनत्व वाली धातु से बनी हुई लगती हैं, जिनका उपयोग रॉकेट छोड़ने के लिए किया जाता है।
हार्वर्ड स्मिथसोनियन सेंटर फॉर एस्ट्रोफिजिक्स के खगोलशास्त्री जोनाथन मैकडॉवेल ने ट्वीट कर बताया है कि यह चीन के प्रक्षेपण वाहन चांग झेंग 3 बी सीरियल Y86 का मलबा हो सकता है।

