नई दिल्ली : कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों के कारण दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू और ऑड-ईवन सिस्टम अभी ख़त्म नहीं होगा। आज दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने सीएम अरविंद केजरीवाल सिफारिश को ठुकरा दिया है, जिसमें केजरीवाल नें वीकेंड कर्फ्यू और ऑड-ईवन सिस्टम को ख़त्म करने की मांग की थी। एलजी के पास भेजी गई सिफ़ारिश प्रस्ताव में सीएम केजरीवाल ने बाजारों में ऑड-ईवन सिस्टम को हटाने औरऑफिसों को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की अनुमति देने की मांग की थी। इसके बाद माना यह जा रहा था कि अगर एलजी की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद कल शनिवार से ही दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू को समाप्त कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि कोरोना की तीसरी लहर के दौरान दिल्ली में कोरोना के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही थी , इसी की वजह से पिछली 8 जनवरी से ही दिल्ली की केजरीवाल की सरकार ने वीकेंड कर्फ्यू लगाने का फ़ैसला लिया था। और वीकेंड कर्फ्यू के साथ ही बाजारों में ऑड-ईवन सिस्टम को भी लागू किया गया था। इसके साथ ही, प्राइवेट कंपनियों के कर्मचारियों को घर से ही काम करने के नियम को लागू कर दिया था। लेकिन अब दिल्ली में जैसे जैसे कोरोना के मामलों में कमी आ रही थी , तो उसके बाद से ही दिल्ली में वीकेंड कर्फ़्यू और ऑड-ईवन सिस्टम को ख़त्म करने की कवायद शुरू हो गई थी।

