जालंधर के सांसद संतोख चौधरी का आज शनिवार को सुबह निधन हो गया। वे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुए थे। इसी दौरान फगवाड़ा के नजदीक भाटिया गांव के पास उन्हें हार्ट अटैक आया और उन की मृत्यु हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनका निधन हो गया। चौधरी के देहांत के बाद भारत जोड़ो यात्रा को रोक दिया गया है। संतोख चौधरी 76 साल के थे।
संतोख चौधरी दोआबा के बड़े दलित नेता कहे जाते हैं। वो यहाँ से दूसरी बार सांसद बने थे। संतोख चौधरी पंजाब में मंत्री रह चुके थे। वे पंजाब के पहले शिक्षामंत्री मास्टर गुरबंता सिंह के बेटे थे। उनके बेटे विक्रमजीत सिंह चौधरी फिल्लौर के विधायक पद पर हैं।
चौधरी 2014 में अकाली दल के पवन कुमार टीनू को हराने के बाद 16 वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे। साल 2004 से लेकर 2010 तक वे पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रहे। 2002 में कांग्रेस सरकार के दौरान वे सामाजिक सुरक्षा, महिला और बाल विकास, समाज कल्याण, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान विभाग के मंत्री रहे। 2002 में वे फिल्लौर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीते। उन्होंने अकाली दल के सरवन सिंह को हार दी थी।

