नैनीताल : उपद्रवियों को हल्द्वानी उप कारागार भेज दिया गया है। इस कारण जेल में दबाव बढ़ रहा है। कारागार में अभी कैदी और बंदियों की संख्या क्षमता से ज्यादा है। बनभूलपुरा उपद्रव मामले में 58 लोगों को पुलिस अब तक जेल में डाल चुकी है। एक ही दिन में ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिले से 57 अन्य मामले के आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा गया है।
बीते दिन शनिवार को हल्द्वानी उप कारागार में 1544 कैदी-बंदी रिकॉर्ड में दर्ज हुआ है। कारागार में 11 बैरक हैं और इनकी क्षमता 500-700 कैदी-बंदियों के लिए है। जेल पहले से फुल चल रही है। अब हल्द्वानी हिंसा के आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेजना शुरू कर दिया है। अब तक तीन वांटेड सहित 58 लोगों को जेल भेजा गया है। इन सभी को एक साथ बैरक नंबर दो में रखा गया है। एक बैरक में 150 से 200 लोगों को रखा जा रहा है। हिंसा मामले के आरोपियों की संख्या बढ़ने पर वहां उन्हें रखने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अव्यवस्थाएं सामने आ सकती हैं।

