नई दिल्ली/त्रिपुरा : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा शुक्रवार को त्रिपुरा में चुनावी अभियान की शुरुआत करने वाले हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने गुरुवार को कहा कि नड्डा पहली सभा को उनाकोटी जिले के कुमारघाट और उसके बाद गोमती जिले के अमरपुर में संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 और 8 फरवरी को दो दिवसीय प्रचार अभियान के लिए यहां पहुंचने वाले हैं, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 9 फरवरी को रैलियों को संबोधित करने वाले हैं। उन्होंने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी अपनी दो चरणों की यात्रा के दौरान पश्चिम और दक्षिण त्रिपुरा जिलों में कई चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे और शाह अपने त्रिपुरा दौरे के तीन चरणों में 10 रैलियों और रोड शो को संबोधित करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा के शीर्ष नेता भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार अभियान का नेतृत्व करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई शीर्ष नेता कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी, प्रकाश करात और माणिक सरकार सहित माकपा पोलित ब्यूरो सदस्य वाम दलों के लिए प्रचार करेंगे।
जे.पी. नड्डा कल त्रिपुरा में,चुनावी रैलियों को करेंगे संबोधित

