अमित शाह से मिले बिहार के पूर्व सीएम,क्या करेंगे एनडीए में वापसी?

नई दिल्ली : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की। आज जीतनराम मांझी अपनी पार्टी के कुछ नेताओं के साथ अमित शाह से मिलने पहुंचे थे। जीतनराम मांझी ने इस मुलाक़ात के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि वह दशरथ मांझी ,बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह और लोकनायक जयप्रकाश नारायण को भारत रत्न देने की मांग लेकर गृहमंत्री से मिलने पहुंचे। इसके साथ ही जीतन राम मांधी ने गया के मिलिट्री रेज को लेकर भी शाह से मुलाकात की। मांझी ने अमित शाह को बताया कि मिलिट्री रेज की वजह से आए दिन लोगों की जान जाती रहती है। उन्हें कोई मुआवजा तक नहीं मिलता है। मांझी ने गृहमंत्री से इस पर कार्यवाही करने और पीड़ितों को मुआवजा दिलाने की मांग की।
इस मुलाक़ात के बाद पत्रकारों के एनडीए में जाने के सवाल पर जीतनराम मांझी ने कहां कि राजनीति में कोई किसी के साथ रहने का कसम नहीं खाता है। मैंने नीतीश कुमार के साथ रहने की कसम खाई है। मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार में प्रधानमंत्री बनने की सारी खुबियां है। वह विपक्ष के नेताओं से मिलकर अच्छा कर रहे हैं।