नई दिल्ली : भारत के राष्ट्रपति ने जस्टिस धनंजय वाई चंद्रचूड़ को 9 नवंबर, 2022 से भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया है। जस्टिस चंद्रचूड़ का सीजेआई के तौर पर कार्यकाल 9 नवंबर 2022 से शुरू होगा। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान सीजेआई जस्टिस यूयू ललित का कार्यकाल 8 नवंबर को खत्म होने जा रहा है. इसी के मद्देनजर, सरकार ने 7 अक्टूबर को वर्तमान सीजेआई ललित को पत्र लिखकर अपने उत्तराधिकारी की सिफारिश करने का अनुरोध किया था। इसके जवाब में सीजेआई ललित ने जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ का नाम अपने उत्तराधिकारी के तौर पर भेजा था। जिसपर राष्ट्रपति ने अपनी मुहर लगा दी है. वरिष्ठता सूची के अनुसार जस्टिस चंद्रचूड़ मौजूदा सीजेआई ललित के बाद सबसे वरिष्ठ हैं. ऐसे में तय परंपरा के अनुसार उन्हीं के नाम की सिफारिश की गई थी। जस्टिस चंद्रचूड़ 9 नवंबर 2022 को पदभार संभालेंगे। सीजेआई के रूप में जस्टिस चंद्रचूड़ का कार्यकाल 10 नवंबर, 2024 तक होगा। बता दें कि जस्टिस चंद्रचूड़ के पिता जस्टिस वाईवी चंद्रचूड़ भी 2 फरवरी 1978 से 11 जुलाई 1985 तक भारत के मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं।
डी वाई चंद्रचूड़ बने देश के नए सीजेआई

