मुंबई : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री पर फिर से सवाल उठे हैं। साईं बाबा को लेकर दिए बयान पर हंगामा जारी है। इस मुद्दे पर महाराष्ट्र की सियासत भी गर्म हो गई है। अब शिवसेना के नेता राहुल कनल ने पुलिस को एक पत्र लिखा है, जिसमें बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई है। शिवसेना नेता धीरेंद्र शास्त्री द्वारा साईं बाबा को लेकर की गई टिप्पणी से ख़ासा नाराज है।
कैबिनेट मंत्री भी धीरेंद्र शास्त्री के बयान से नाराज़
महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी कैबिनेट मंत्री राधाकृष्ण विक्खे पाटिल ने भी धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर नाराज़गी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ‘उन्हें बाबा पर सवाल उठाने का क्या अधिकार है? अपनी चार-दीवारी में रहकर यह काम करें पर ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान सांप्रदायिक हिंसा को जन्म दे सकते हैं।’

