कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक आज, सोनिया गांधी करेंगी अध्यक्षता

नई दिल्ली : आज कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हो रही है , जिसकी अध्यक्षता सोनिया गाँधी कर रही हैं । सीडब्लूसी की इस बैठक में सोनिया गांधी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा । बैठक में सोनिया गांधी ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्त्ता चाहता है कि पार्टी का जीर्णोद्धार हो लेकिन इसके लिए एकजुटता और पार्टी के हितों को ध्यान में रखकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि, पार्टी 30 जून तक पार्टी के अध्यक्ष के चुनाव के लिए एक रूपरेखा तैयार की थी लेकिन कोरोना की दूसरी लहर के कारण इस तय समयसीमा को अनिश्चितकाल तक के लिए बढ़ा दिया गया था।
बता दें कि बीते कुछ दिनों में पार्टी के अंदरूनी हालत में बहुत से बदलाव आए है। और अध्यक्ष पद के लिए पार्टी में खींचतान जारी है। और वहीं पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच के विवाद और उसके बाद दोनों का इस्तीफा, कपिल सिब्बल का बयान, इन सब मुद्दों को लेकर भी पार्टी में समीक्षा हो रही है। ख़बर तो यह भी है कि कांग्रेस में कई बड़े नेता पार्टी और पार्टी की रणनीतियों से असंतुष्ट हैं। इन्ही सब कारणों की वजह से आज 16 अक्टूबर को कांग्रेस मुख्यालय में सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाई गयी थी। और इस बैठक में यूपी में होने वाले चुनाव पर भी चर्चा हो सकती है। वहीं लखीमपुर खीरी हिंसा की घटना पर भाजपा की नाकामी को जनता के सामने लाने पर भी चर्चा हो सकती है।