बदायूं में अखिलेश की चुनावी सभा, भाजपा सरकार पर बोला हमला

बदायूं : यूपी के पूर्व सीएम और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव आज बदायूं में चुनावी सभा कर रहे हैं। यहां उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महंगाई की मार झेल रही है और युवाओं को रोज़गार नहीं मिल रहा है। अखिलेश ने कहा कि 10 फरवरी के पहले चरण के मतदान के बाद से ही भाजपा के नेता ठंडे पड़ गए हैं और उनके नेता बोल रहे हैं कि 10 मार्च के बाद वे गर्मी निकाल देंगे।अखिलेश यादव ने यह भी कहा, ‘कुछ पार्टियां ऐसी हैं जो सीधे समाजवादी पार्टी से लड़ कर भाजपा को जिताना चाहती हैं। वो पार्टी भीमराव अंबेडकर जी के रास्ते से भटक गई है। इसलिए उसके बहुत सारे नेता पार्टी में आ गए हैं.’ उन्होंने कहा कि कोरोना आया बहुत सारे लोग बीमार हो गए. सरकार जनता के लिए अच्छा इलाज़ भी नहीं करा पाई,अस्पतालों में बेड नहीं मिला. ऑक्सीजन नहीं मिली। जो सरकार लोगों की मदद नहीं कर पाई उसको हटाने के लिए ही ये चुनाव है। सरकार किसानों को एमएसपी नहीं दे पाई है। जो सरकार किसानों को खाद और एमएसपी नहीं दे पाई वो किसानों के हितों के लिए क्या कर पाएगी।

अखिलेश यादव ने बदायूं में प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ज़रा पंचायत चुनाव को याद कीजिए। यहां वोट डालने गई महिलाओं के कपड़े तक फाड़ दिए गए थे। इस बार का चुनाव संविधान बचाने का चुनाव है. बीजेपी को हराकर सपा की सरकार बनवाइए और संविधान को खत्म होने से बचाइए. उन्होंने तंज करते हुए पूूूछा कि इन लोगों ने 2017 में किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था. मगर आज किसानों की आय आधी हो चुकी है. उन्होंने कहा कि यहां पुलिस हिरासत में सबसे अधिक मौतें हुई हैं। महिला अपराध की शिकायत भी सबसे अधिक यूपी से हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने रोजगार देने के मामले में युवाओं से झूठ बोला है। और कहा कि हमारी सरकार बनने पर युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा। युवाओं और छात्रों को लैपटॉप, और अन्य लाभकारी योजनाओं का फायदा भी मिलेगा