देहरादून : उत्तराखंड में चुनाव की तारीख़ के पास आते ही यहां चुनावी सरगर्मियां तेज़ हो गई है। एक ओर जहां भाजपा नें कल अपने 59 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी यहां बैकफुट पर नज़र आ रही है ,कांग्रेस में टिकटों कोलेकर अभी भी खींचतान ज़ारी है। इसी बीच उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बड़ा बयान दिया है कि वह ही उत्तराखंड में कांग्रेस का बड़ा चेहरा है। और इशारों-इशारों में उन्होंने बता दिया कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो वो ही सीएम की कुर्सी पर बैठेंगे। आज पत्रकारों से बातचीत में हरीश रावत ने कहा कि पार्टी ने उन्हें विधानसभा चुनाव का नेतृत्व करने के लिए कहा है। और मैं वही कर रहा हूं। मैं एक समय में एक ही काम पर फोकस करता हूं। फिलहाल मेरा काम यह है कि कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड में बहुमत कैसे हांसिल करे।
वहीं रावत ने यह भी माना की अभी कांग्रेस पार्टी की उत्तराखंड में फॉर्म डाउन है,लेकिन उन्हें पूरा विश्वास है कि पार्टी जल्द ही फॉर्म में वापस लौटेगी। उन्होंने कहा कि सभी पार्टियों के लिए ऐसा समय आता है। और कहा कि क्षेत्रीय पार्टियों का अस्तित्व बहुत लंबा नहीं होता लेकिन तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल को इसका अपवाद बताया। रावत ने कहा कि ये सरकारें इसलिए लंबे समय से चल रही हैं, क्योंकि ये क्षेत्रीय पार्टियां कांग्रेस की ही नीतियों पर चलती हैं। देश में ऐसी कोई भी क्षेत्रीय पार्टी नहीं टिक पायीं, जो कांग्रेस की नीतियों पर ना चली हो। वहीं भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए हरकसिंह रावत के बारें में सवाल पूछे जाने पर हरीश रावत ने कहा कि यह अच्छी बात है कि वह फिर से पार्टी का हिस्सा बने। पार्टी के अंदर अलग-अलग विचारों के लोग होते हैं। पार्टी कोई भी निर्णय भविष्य को देखते हुए लेती है,और पार्टी का निर्णय सभी को मान्य होती हैं।

