देहरादून : आज उत्तराखंड के महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत सीएम धामी द्वारा प्रत्येक ग्राम स्तर पर कार्यरत आंगनबाड़ी कार्मिकों को प्रोत्साहन व मानदेय धनराशि का एकसाथ ऑनलाइन डीबीटी हस्तांतरण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शुक्रवार को एक बटन पर क्लिक करके मानदेय दिया है। इस कार्यक्रम में विभागीय मंत्री रेखा आर्या भी ऑनलाइन होकर हिस्सा बनीं। आज इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्मिक संगठनों की लंबे समय से चली आ रही मांग को आज पूरा कर दिया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, मिनी कार्यकर्त्रियों व सहायिकाओं के मानदेय में क्रमशः 1800, 1500 एवं 1500 रुपये की वृद्धि की गई है।
जिसके बाद उत्तराखंड देश में आंगनबाड़ी कार्मिकों को सर्वाधिक मानदेय देने वाला तीसरा प्रदेश है।उत्तराखंड के मुखिया पुष्कर सिंह धामी ने आज शुक्रवार को इस कार्यक्रम में कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी लोग गाइडलाइन का पालन करें। इस संबंध में समीक्षा के बाद कुछ और भी जरूरी निर्णय लिए जाएंगे। विभाग के सचिव हरिचंद्र सेमवाल ने कहा कि कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य की कुल 14495 मुख्यमंत्री कार्यकर्त्रियों को 9300 प्रति कार्मिक की दर से लगभग 13 करोड़, कुल 14265 मुख्यमंत्री सहायिकाओं को 5250 प्रति कार्मिक की दर से लगभग 7.5 करोड़ तथा 4957 मिनी कार्यकर्त्रियों को 6250 प्रति कार्मिक की दर से लगभग 3 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

