राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा अंकिता मर्डर की जांच से संतुष्ट

देहरादून : राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने देहरादून में कई राज्यों की आयोग अध्यक्ष व सदस्यों की बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने अंकिता मर्डर केस में चल रही एसआईटी जांच की समीक्षा भी की और उन्होंने कहा कि एसआईटी सही जांच कर रही है, और हम जांच से संतुष्ट है। इसीलिए इस मामलें में सीबीआई जांच की ज़रूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि महिला आयोग अब पहले की तरह रूढ़िवादी तरीक़े को छोड़कर नए तरीके से काम कर रहा है । पहले सिर्फ महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर ही काम किया जा रहा था, लेकिन अब महिला स्वास्थ्य, शिक्षा, महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया जा रहा है।
रेखा शर्मा ने कहा कि देश के सभी राज्यों को पोषण अभियान के तहत आर्थिक रूप से सहयोग किया जा रहा है। और मानव तस्करी को रोकने के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग के तहत सभी राज्यों में ट्रेनिंग दी जा रही है। बैठक में विभिन्न राज्यों से सुझाव भी मांगे गए, ताकि महिलाओं के सम्पूर्ण विकास के लिए उन्हें आर्थिक और राजनैतिक रूप से औरसशक्त किया जा सके।