एक और जहां आम आदमी पर चौतरफा महंगाई की मार पड़ रही है, कोरोना लॉक डाउन के कारण लोगों के काम धंधे बंद हैं तथा उनकी आजीविका पर एक बड़ा संकट खड़ा हो गया है, वहीं हमारे चर्चित बॉलीवुड सितारे बड़े-बड़े बंगले खरीद रहे हैं।
बात करें अर्जुन कपूर की तो उन्होंने हाल फिलहाल में ही जुहू के बांद्रा वेस्ट में एक बहुमंजिली इमारत में लगभग 20 करोड रुपये का एक फ्लैट खरीदा है। यह फ्लैट 26 मंजिला इमारत में स्थित है तथा इस अपार्टमेंट को स्काईविला कहा जाता है। अर्जुन कपूर के फ्लैट में 4 बेडरूम हैं। खास बात ये है कि ये उनकी बेहद करीबी दोस्त मलाइका अरोड़ा के घर के बेहद नजदीक है।
उधर फिल्मस्टार अजय देवगन ने भी जुहू में ही 60 करोड का एक बंगलो खरीदा है। अब ऐसे में भला महानायक अमिताभ बच्चन भी कहाँ पीछे रहने वाले थे। तो उन्होंने भी लगे हाथ अंधेरी में ही एक डुप्लेक्स खरीद डाला, जिसकी स्टांप ड्यूटी के तौर पर उन्होंने 62 लाख रुपए अदा किए हैं। विदित हो कि अमिताभ बच्चन के पास पहले से प्रतीक्षा, जलसा, वत्स व जनक नाम से जुहू में चार बंगले हैं। वहीं दुबई में भी उन्होंने एक शानदार हवेली खरीदी हुई है।

