यूपी विस चुनाव से पूर्व सपा को बड़ा झटका, मुलायम सिंह के करीबी सुखराम सिंह यादव थामेंगे भाजपा का दामन

कानपुर : यूपी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लग सकता है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी पूर्व सांसद व सुखराम सिंह यादव भाजपा में शामिल हो सकते हैं , सुखराम यादव विधान परिषद् के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। आगामी 18 अक्टूबर को सुखराम यादव , स्व.चौ. हरमोहन सिंह यादव के जन्म शताब्दी समारोह में भाजपा में शामिल हो सकते है , इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी इस समारोह में शामिल होंगे।
बता दें कि हमेशा से ही चौ० हरमोहन सिंह की कोठी सपा का गढ़ रही है , और अगर अब सुखराम यादव भाजपा का दामन थामते हैं तो इस कोठी पर अब भाजपा का कब्ज़ा हो जाएगा। इस बात कइ कयास इसलिए भी लगाए जा रहे हैं कि पिता की जन्म शताब्दी वर्ष में बेटे सुखराम सिंह ने मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को आमंत्रित किया है। योगी आदित्यनाथ को इस शताब्दी वर्ष समारोह में आमंत्रित करने के बाद से चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि सुखराम सिंह यादव का परिवार अब भारतीय जनता पार्टी के साथ है। समारोह की अधिक जानकारी देते हुए सुखराम सिंह के बेटे मोहित यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी जी का जो भी आदेश होगा, वह हम सभी को मान्य होगा। इस बात से यह साफ़ है की सुखराम यादव का अब भाजपा में जाना तय है।