अयोध्या : अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर में एटा से बड़ा सहयोग देखने को मिलेगा। यहां जलेसर में तैयार हुआ 2100 किलो अष्टधातु का घंटा अयोध्या धाम के रामसेवकपुरम में स्थापित किया जाएगा। जिसके लिए सीएम और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से अनुमति मिल गई है। पूरे परिसर में यह घंटा जो लगेगा वो 2100 किलो का बताया जा रहा है।
करीब चार साल से जलेसर में इस विशाल घंटे का निर्माण किया गया है। पिछले महीने बनकर तैयार हो गया था। इसको अयोध्या भेजने के लिए मुख्यमंत्री से अनुमति मांगी जा रही थी। क्षेत्रीय विधायक संजीव दिवाकर, घंटा तैयार कराने वाले पीतल कारोबारी आदित्य मित्तल लखनऊ जाकर उनसे मिले थे। शासन की ओर से विधायक और जिला प्रशासन को सूचना दे दी गई है। आठ जनवरी को यह घंटा अयोध्या पहुंचाया जाना है।अंतिम साफ-सफाई और पॉलिश का काम शुरू कर दिया गया है। सात जनवरी को जलेसर में ही इसका पूजन कार्यक्रम होगा।वाहन में घंटे के साथ ही भक्तों का हुजूम,अवागढ़, निधौली कलां होते हुए एटा पहुंचेगा। यहां से जीटी रोड, अलीगंज रोड होते हुए आगे अयोध्या पहुंचाया जाएगा।

