हिज़ाब विवाद पहुंचा मध्य प्रदेश,दतिया के कॉलेज में किया बैन

तिया : कर्नाटक से शुरू हुए हिजाब विवाद की आंच अब मध्यप्रदेश तक पहुंच गई है। यहां के दतिया ज़िले के एक सरकारी कॉलेज में भी हिजाब को बैन कर दिया गया है। बता दें कि विश्व हिंदू परिषद की महिला विंग दुर्गा वाहिनी ने कॉलेज के खिलाफ प्रदर्शन किया था कि वह मुस्लिम महिलाओं को हिजाब के साथ कॉलेज में प्रवेश की अनुमति दे रहे हैं। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राहुल ने सोमवार को एक आदेश जारी किया जिसमें सभी विद्यार्थियों को सूचित किया गया कि वे किसी भी तरह के धार्मिक पोशाक को पहनकर स्कूल में प्रवेश ना करें, फिर चाहे वो लिबास हिजाब ही क्यों ना हो।कॉलेज में सभी विद्यार्थी फॉर्मल ड्रेस पहनकर आयें।

मध्यप्रदेश में हिजाब पर प्रतिबंध तब लगाया गया है जब कर्नाटक में हिजाब पर विवाद के बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा और कोर्ट ने यह आदेश दिया कि सुनवाई होने तक कोई भी धार्मिक प्रतीक पहनकर स्कूल ना आये।कर्नाटक में 14 फरवरी से कक्षा 1-10 तक के लिए स्कूलों को खोल दिया गया है। कोर्ट ने सरकार से स्कूल खोलने को कहा था। 14 फरवरी को जब स्कूल खुले तो स्कूल प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश का पालन करने के लिए बच्चियों को स्कूल में प्रवेश करने से पहले हिजाब खोलने को कहा, जिसकी वजह से कई लड़कियां वापस चली गई। 16 फरवरी से कर्नाटक में प्री-कॉलेज सहित सभी डिग्री कॉलेज खुल जायेंगे।