योगी सरकार का दिवाली से पहले सरकारी कर्मचारियों को तोहफा, हो सकती है महंगाई भत्ते में बढ़ोत्तरी

लखनऊ : योगी सरकार यूपी के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली पर खुशखबरी दे सकती है। प्रदेश में करीब 16 लाख सरकारी कर्मचारियों को इससे सीधा लाभ मिल सकता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार सरकारी कर्मचारियों को बोनस और महंगाई भत्ता इसी महीने से दे सकती है। वित्त विभाग में इस बोनस की तैयारियां भी की जा रही हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में कहा था कि जुलाई 2021 से सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को बढ़ाकर 28% कर दिया गया है। इसके साथ ही सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में भी बढ़ोत्तरी की जाएगी ।
वहीं ख़बर यह भी है की प्रदेश सरकार एक या दो दिन में दिवाली बोनसकी भी आधिकारिक घोषणा कर देगी। वित्त विभाग ने इसके लिए प्रस्ताव भी तैयार कर लिया है। और यह अनुमान लगाया जा रहा है की कर्मचारियों के इस दिवाली बोनस के बाद राज्य सरकार पर 100 करोड़ का अतिरिक्त भार भी पड़ेगा। बता दें कि केंद्र सरकार ने फ्रीज डीए और एरियर देने का सर्कुलर अभी तक जारी नहीं किया गया है, इसी कारण प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों को एरियर मिलने में देरी हो रही है। लेकिन अब अनुमान है कि जल्दी ही यह सर्कुलर ज़ारी कर दिया जाएगा और प्रदेश के करीब 16 लाख कर्मचारियों को इससे लाभ मिलेगा।