उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच दो दिन से चल रही तेज रफ्तार पछुआ हवाओं से गलन और सिहरन बढ़ा दी है। बीते दिन बुधवार को भी प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तेज रफ्तार सर्द पछुआ हवा चली। कई जगहों पर घना कोहरा छाया रहा। प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे की वजह से दृश्यता 100 मीटर से भी कम देखी गई। गुरुवार की सुबह यूपी में 40 से अधिक जिलों में कोहरा देखा गया। कहीं कम तो कहीं ज्यादा था। कुछ जिलों से शून्य दृश्यता की भी खबर आ रही है।
आज बृहस्पतिवार के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के 50 से ज्यादा जिलों में शीत दिवस (कोल्ड डे) का अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं 30 से ज्यादा जिलों के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग का कहना है कि गलन भरी ठंड और घने कोहरे का सिलसिला अगले तीन से चार दिनों तक ऐसे ही जारी रहने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 11 व 12 जनवरी को प्रदेश के विभिन्न जगहों पर बूंदाबांदी के संकेत हैं। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि प्रदेश में ठंड और मध्यम से घने कोहरे का दौर अगले दो तीन दिनों तक ऐसे ही जारी रहेगा।