असम: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को असम में नशीली दवाओं की तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर एक क्षेत्रीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान, पूर्वोत्तर क्षेत्र में मादक पदार्थ संबंधी स्थिति और इस पर अंकुश लगाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी। एक सरकारी सूत्र के हवाले से बताया गया है कि बैठक गुवाहाटी में होगी और इसमें मुख्यमंत्री के साथ ही सभी पूर्वोत्तर राज्यों के पुलिस महानिदेशक भाग लेंगे।वहीं, गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शनिवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, गुवाहाटी द्वारा लगभग 11,000 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट किया जाएगा। इसके अलावा, लगभग 13,675 किलोग्राम जब्त नशीले पदार्थ (हेरोइन, गांजा, कोडीन कफ सिरप, नारकोटिक पिल्स) को उत्तर पूर्वी राज्यों असम (2,531 किग्रा) और त्रिपुरा (11,144 किग्रा) द्वारा नष्ट किया जाएगा। कुल मिलाकर, लगभग 25,000 किलो ड्रग्स नष्ट हो जाएंगे।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, गृह मंत्रालय नशीली दवाओं के खतरे को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। समाज को नशा मुक्त बनाने की मोदी सरकार की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करते हुए गृह मंत्रालय जब्त की गई दवाओं को नष्ट करने के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो1 जून से विशेष अभियान चला रहा है। स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने निर्णय लिया कि 75 दिनों के इस विशेष अभियान के दौरान एनसीबी की सभी क्षेत्रीय इकाइयों द्वारा 75,000 किलोग्राम नशीले पदार्थों को नष्ट किया जाएगा।
अमित शाह कल असम के दौरे पर,राष्ट्रीय सुरक्षा और ड्रग तस्करी पर होगी बैठक

