रांची : 9 अक्टूबर को होने वाले दूसरे वनडे मुकाबले के लिए भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीम रांची पहुंच गई है। एयरपोर्ट पर क्रिकेटप्रेमियों ने अपने चहेते खिलाड़ियों का शानदार स्वागत किया। जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार नौ अक्टूबर को डे-नाइट मुकाबला खेला जाएगा । हालांकि रांची के दर्शकों को मैच के दौरान स्टार खिलाड़ियों को खेलते हुए देखने का मौका नहीं मिलेगा, क्योंकि एक टीम टी-20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया जा चुकी है।
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों को देखने के लिए फैंस काफी संख्या में जुटे थे। एयरपोर्ट से बस में भरकर खिलाड़ियों को होटल रेडिशन ब्लू लाया गया. होटल के बाहर शिखर धवन की टीम को देखने के लिए पहले से ही फैंस का जमावड़ा था। टिकटों की बात करें तो काउंटर से टिकटों की बिक्री छह अक्टूबर से ही शुरू हो गई है। आठ अक्टूबर तक टिकटों की बिक्री ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से की जाएगी। मैच के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।
शिखर धवन की कप्तानी में रांची में टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भिड़ेगी तो जीत का पूरा प्रयास करेगी। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में पहला वनडे मुकाबला भारत नौ रन से हार चुका है। तीन मैचों की सीरीज में दूसरा मैच जीतना भारत के लिए बेहद जरूरी है. बीसीसीआई ने वनडे के लिए एक प्रकार से बी टीम का चयन किया है, लेकिन इसमें भी कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें देखना दर्शक पसंद करेंगे
दूसरे वनडे के लिए रांची पहुंची भारत और द० अफ्रीका की टीमें

