पटना : जेपी की जन्मभूमि सिताब दियारा इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है। वजह है जेपी की जयंती और 11 अक्टूबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का सिताब दियारा का दौरा। अमित शाह के दौरे को लेकर बिहार में सियासी उमस काफी बढ़ी हुई है। यहां अमित शाह के दौरे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के ‘अपनी डफली-अपना राग’ वाला स्थिति है।
अमित शाह के दौरे पर बिहार के सीएम से लेकर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के कई नेताओं ने निशाना साधा है। इन सब के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यूपी के सीएम योगी आदित्यानाथ को एक पत्र लिखा है। सीएम नीतीश के द्वारा यूपी के मुख्यमंत्री को लिखे गए इस पत्र के बाद बिहार में एक बार फिर से सियासी फिजा ने करवट बदली है।
बता दें कि आज शुक्रवार को सीएम नीतीश कुमार ने अपने आवास से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये सिताब दियारा में लोकनायक जयप्रकाश नारायण स्मृति भवन सह पुस्तकालय से मुख्य सड़क तक नव निर्मित सड़क का लोकार्पण किया। नीतीश कुमार ने सिताब दियारा को कई सौगातें देकर यह साफ कर दिया है कि उनके दिल में सिताब दियारा और जेपी के लिए कितना खास महत्व है। इसके बाद नीतीश कुमार ने जेपी की जन्मस्थली के ‘विकास नामक’ गेंद को बीजेपी के पाले में डाल दिया। दरअसल, सीएम नीतीश ने उतरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को पत्र लिखकर जेपी की जन्मस्थली जो यूपी की सीमा में आता है. उन इलाके का विकास कराने की गुजारिश की है।

