अयोध्या :जितना की देश को अयोध्या के राममंदिर पर फैसले का इंतज़ार था उससे कही जाकर अब राममंदिर निर्माण के संपन्न होने का सभी भक्तों को बेसब्री से इंतज़ार है। पांच अगस्त 2020 को हुए भूमि पूजन की दूसरी वर्षगांठ पर शुक्रवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर निर्माण की प्रगति साझा करते हुए जानकारी दी कि राममंदिर निर्माण का काम दिन-रात करीब 500 मजदूर कर रहे हैं।
इसके मद्देनज़र गर्भगृह का 20 प्रतिशत काम पूरा हो गया है और अब पांच फीट ऊंची महापीठ भी बन चुकी है। प्लिंथ का काम भी सिंतबर तक हो जाने की उम्मीद है। जल्द ही मंदिर के स्तंभों को भी जोड़ने का काम शुरू किया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि राममंदिर निर्माण के क्रम में अभी प्लिंथ, गर्भगृह व रिटेनिंग वॉल निर्माण का काम एक साथ चल रहा है। राम मंदिर की प्लिंथ सितंबर के मध्य तक तैयार हो जाएगी।
21 फीट ऊंची प्लिंथ में ग्रेनाइट के 17 हजार पत्थर लगेंगे। जिनमें से अब तक 13500 पत्थर लग चुके हैं। 15500 पत्थरों आपूर्ति भी हो चुकी है। अगस्त से ही भूतल के स्तंभों को जोड़ने का काम शुरू होगा।

