आंध्र प्रदेश में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) ने बंपर जीत दर्ज की है जहां एनडीए के साथ लड़े चुनाव में चंद्रबाबू नायडू की पार्टी ने शानदार चुनाव जीता है। इस बीच लोकसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत नहीं मिला और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) भी 300 के आंकड़े से भी पिछड़ गया है।
अब अटकलें लगाई जा रही है कि तेदेपा और जदयू से ‘INDIA’ के घटक दल बात करेंगे और उन्हें अपने साथ आने के लिए मनाएंगे।तेदेपा प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने इन अटकलों पर विराम लगाया और कहा कि आप हमेशा खबरें चाहते हैं। मैं अनुभवी हूं और मैंने इस देश में कई राजनीतिक बदलाव देखे हैं। हम NDA में हैं, मैं NDA की बैठक में जा रहा हूं। चुनाव संपन्न होने के बाद दिल्ली जाने से पहले यह मेरी पहली प्रेस वार्ता है। मैं मतदाताओं के समर्थन से बहुत खुश हूं। राजनीति में उतार-चढ़ाव आते जाते रहते हैं। इतिहास में कई राजनीतिक नेताओं और पार्टियों को बाहर कर दिया गया है। यह एक ऐतिहासिक चुनाव है।