हरिद्वार : विशेषकर संदिग्ध छवि वाले लोग पुलिस का रौब पाने के लिए किसी भी हद से गुजर जाने को तैयार रहते हैं। भले ही फिर चाहे इसके बदले में उन्हें सजा कितनी बड़ी भी क्यों न भोगनी पड़ जाए। उत्तराखंड स्थित देवभूमि हरिद्वार जिले में भी एक संदिग्ध किस्म के शख्स ने कुछ ऐसा ही कर डाला। समाज में अअपना रुबाब जमाने के लिए इस सिरफिरे ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ पहले तो फोटो खिंचवा डाली। फिर उस फोटो को दिखाकर लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। यह कहते हुए कि जिला पुलिस कप्तान उसके खास हैं। यह बात जब हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कानों तक पहुंची तो उन्होंने, इस शख्स को सबक सिखाने के लिए और भी चार कदम आगे बढ़कर जुगत तलाश ली।इस बात की पुष्टि खुद हरिद्वार जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने की है। एसएसपी के मुताबिक, गिरफ्तार कराए जा चुके मास्टरमाइंड का नाम सलमान है। वो मूल रूप से रूड़की के मंगलौर का निवासी है। उसके खिलाफ हाल ही में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा कायम हुआ था।
सलमान के ऊपर 10 हजार का इनाम भी घोषित था। कुछ वक्त पहले आरोपी ने हरिद्वार के पुलिस कप्तान के साथ भीड़ में घुसकर अपनी तस्वीर खिंचवा ली। इसकी भनक जिला पुलिस को कभी लगती भी नहीं कि, किसी अपराधी किस्म के इंसान ने पुलिस कप्तान के साथ फोटो खिंचवा ली है। अगर आरोपी खुद ही पुलिस कप्तान के साथ वाली फोटो का प्रचार-प्रसार न करता। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने हरिद्वार जिला पुलिस कप्तान के साथ वाली फोटो दिखाकर समाज में लोगों को चमकाना-धमकाना शुरू कर दिया। उसके इस कारनामें के झांसे में गांव के तमाम लोग आने भी लगे। लोगों को सलमान की बात पर विश्वास होने लगा। लोगों को लगने लगा कि सलमान के हरिद्वार के एसएसपी से बहुत अच्छी दोस्ती हैं।

