इस वर्ष की गर्मी ने सबका हाल बेहाल कर दिया है। जिस कारण इस बार पहाड़ी इलाकों में भी हद से पार पारा जा रहा है। अब उत्तराखंड भी तप रहा है। बीते मंगलवार को हरिद्वार प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां 42.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी देहरादून में पारा 40.2 डिग्री तक पहुंच गया। गर्मी से पहाड़ों की रानी मसूरी भी तपने लगी है। यहां अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री रहा। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के चलते माल रोड और अन्य पर्यटक स्थलों में कम संख्या में पर्यटक घूम रहे हैं। मौसम विभाग के तरफ से, अगले 24 घंटे में मैदान से लेकर पहाड़ तक जबरदस्त गर्मी रहेगी।
इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। साथ ही कुछ दिनों तक राजधानी दून के साथ ही मैदान से लेकर पहाड़ तक गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह का कहना है कि पंद्रह जून तक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।हरिद्वार : जून के पहले हफ्ते में रिकॉर्ड गर्मी : बीते तीन सालों में जून माह के पहले सप्ताह में मंगलवार को 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। यह तापमान पिछले तीन सालों में जून के पहले सप्ताह में सर्वाधिक है। 2020 में 39 और 2021 में 37 डिग्री पारा रिकार्ड हुआ था।

