देहरादून : उत्तराखंड के प्रस्तावित हेलीपोर्ट पर यात्री टर्मिनल भवन तैयार किए जाएंगे। इससे हेलीपोर्ट पर यात्रियों को एयरपोर्ट की तरह सुविधाएं दी जाएंगीं। दिसंबर तक प्रदेश में छह हेलीपोर्ट बनकर तैयार होगा। केदारनाथ धाम में प्रस्तावित हेलीपोर्ट का यात्री टर्मिनल पहाड़ी शैली में तैयार होगा। एक सप्ताह के भीतर इसकी डीपीआर बनाई जाएगी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण(यूकाडा) ने सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट में वाहनों की पार्किंग के लिए नगर निगम की जमीन मांगी है।
इसके लिए नगर निगम को 13 करोड़ का भुगतान होगा। सोमवार को सचिवालय में मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने प्रस्तावित हेलीपैड व हेलीपोर्ट के प्रगति की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेलीपोर्ट व हेलीपैड के निर्माण में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। जहां पर हेलीपैड व हेलीपोर्ट के लिए जमीन चयनित कर ली गई है।
मुख्य सचिव ने पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए नये हेलीपोर्ट व हेलीपैड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों में भी पर्यटन स्थलों को विकसित कर पर्यटकों के लिए आसान पहुंच बनाने के लिए हेलीपैड व हेलीपोर्ट तैयार किए जाएं।बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, यूकाडा के सीईओ सी. रविशंकर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

