चुनाव के बाद अब उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड परीक्षा 2022 की पूरी दिनांक सूची जारी कर दी है। यूपीएमएसपी की तरफ से बोर्ड परीक्षाओं की तिथियों के मुताबिक़,यूपी बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 24 मार्च, 2022 से प्रारम्भ होंगी।यूपीएमएसपी के निदेशक विनय कुमार पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश हाईस्कूल यानी कक्षा 10वीं की परीक्षाएं छह अप्रैल और इंटरमीडिएट यानी कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 12 अप्रैल, 2022 तक चलेंगी। परीक्षा तिथियों में अंतराल की वजह से छात्रों को तैयारी के लिए भी पर्याप्त समय मिलेगा। यहां इस खबर में पूरा टाइम-टेबल आपको आगे मिल जाएगा। साथ ही सीधे डाउनलोड करने के लिए यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का लिंक भी जारी कर दिया गया है।
दो पारियों में आयोजित होंगी परीक्षाएं –
इसके अलावा यूपी बोर्ड की परीक्षाएं दो पारियों में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा की पहली पारी सुबह आठ बजे से 11.15 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर दो बजे से शाम 5.15 बजे तक रहेगी। इस वर्ष कुल 51,92,689 परीक्षार्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया है। इनमें 27,81,654 परीक्षार्थी हाई स्कूल के हैं और 24,11,035 परीक्षार्थी कक्षा 12वीं से होंगें।
JEE मेंस के आधार पर तैयार हुई सूची –इन बोर्ड परीक्षाओं की सूची जेईई मेन 2022 की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। जेईई मेन 2022 पहले चरण की परीक्षाएं 16 अप्रैल से 21 अप्रैल तक होनी हैं। जो छात्र यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में सम्मिलित होंगे, वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर पूरा टाइम-टेबल डाउनलोड कर सकते हैं।
यूपी बोर्ड 2022 की परीक्षाओं की सूची हुई जारी,10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 24 मार्च से

